आपदा ऊना

ऊना के संतोषगढ़ में निर्माणाधीन केमिकल फैक्टरी में हादसा, एक मजदूर की मौत

वेल्डिंग के दौरान सीमेंट की शीट टूटने से दो मजदूर करीब 40 फुट की ऊंचाई से नीचे गिर गए, जिसमें एक घायल हो गया।

मुख्य बातें

  • ऊना के संतोषगढ़ में निर्माणाधीन केमिकल फैक्टरी में वेल्डिंग के दौरान 40 फुट की ऊंचाई से गिरने से झाहुल हक की मौत हो गई।
  • हादसे में मोहम्मद गुलफान घायल हुआ, जिसकी शिकायत पर पुलिस ने फैक्टरी प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
  • पुलिस ने बीएनएस की धारा 125, 125(ए) और 106 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

ऊना जिले के संतोषगढ़ में निर्माणाधीन केमिकल फैक्टरी के निर्माण स्थल पर मंगलवार को एक बड़ा हादसा हुआ। यहां वेल्डिंग करते समय सीमेंट की शीट टूटने से दो मजदूर करीब 40 फुट की ऊंचाई से नीचे गिर गए।

इस हादसे में झाहुल हक की मौत हो गई, जबकि मोहम्मद गुलफान गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना ले जाया गया, लेकिन झाहुल हक ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया।

घायल मजदूर मोहम्मद गुलफान की बाजू और कूल्हे में चोट आई है। हादसे के समय वहां मौजूद अन्य दो मजदूर सुरक्षित रहे।

मोहम्मद गुलफान ने आरोप लगाया है कि फैक्टरी प्रबंधन ने काम के दौरान जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं करवाए थे।

पुलिस ने घायल मजदूर मोहम्मद गुलफान की शिकायत पर फैक्टरी प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 125, 125(ए) और 106 के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस अधीक्षक एसपी सचिन हिरेमठ ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस चौकी संतोषगढ़ की टीम इस पूरे हादसे की जांच में जुटी हुई है।