मुख्य बातें
- हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय का 10वां दीक्षांत समारोह 22 नवंबर को होगा।
- भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत मुख्य अतिथि होंगे और कुल 702 विद्यार्थियों को उपाधियां मिलेंगी।
- समारोह में कुल 32 गोल्ड मेडल दिए जाएंगे, जिनमें से 23 छात्राओं को मिलेंगे।
कांगड़ा जिले में हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय का 10वां दीक्षांत समारोह 22 नवंबर को आयोजित होगा। इस कार्यक्रम में भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे।
कुलपति प्रो. सत प्रकाश बंसल ने बताया कि समारोह में केंद्रीय शिक्षा मंत्री, हिमाचल के राज्यपाल, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और हिमाचल हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस ने भी शामिल होने की सहमति दी है।
इस अवसर पर साल 2024 तक के कुल 702 पात्र विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इनमें स्नातक, स्नातकोत्तर, पीएचडी और डिप्लोमा विद्यार्थी शामिल हैं।
कुल 584 स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को डिग्रियां मिलेंगी, जिनमें 288 छात्राएं और 296 छात्र हैं। इसके अलावा 29 स्नातक विद्यार्थियों को भी उपाधियां दी जाएंगी।
जनवरी से दिसंबर 2024 के बीच पीएचडी पूरी करने वाले 48 शोधार्थियों को डॉक्टरेट की उपाधियां प्रदान की जाएंगी।
समारोह में कुल 32 गोल्ड मेडल दिए जाएंगे। इनमें से 23 गोल्ड मेडल छात्राओं ने और नौ छात्रों ने हासिल किए हैं।
