मुख्य बातें
- हिमाचल प्रदेश में रविवार, 15 नवंबर को बारिश और बर्फबारी हुई।
- नारकंडा, किन्नौर, कुल्लू और लाहौल-स्पीति के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी दर्ज की गई।
- मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट की संभावना जताई है।
हिमाचल प्रदेश में रविवार, 15 नवंबर को कई स्थानों पर बारिश और बर्फबारी हुई। इसके चलते राज्य के तापमान में गिरावट आई है।
बर्फबारी मुख्य रूप से नारकंडा, किन्नौर, कुल्लू और लाहौल-स्पीति के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में दर्ज की गई। वहीं शिमला और रामपुर बुशहर में हल्की बारिश हुई।

बीते 24 घंटों के दौरान कुकुमसेरी में 6.8 मिलीमीटर, कोठी और जोत में 2.2-2.2 मिलीमीटर, सांगला में 1.2 मिलीमीटर और केलांग व कल्पा में 1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

अधिकतम तापमान बिलासपुर में 28 डिग्री सेल्सियस, कांगड़ा में 27.4, मंडी और सुंदरनगर में 27, भुंतर में 26.2, सोलन में 25.6, धर्मशाला में 24, नाहन में 23, पालमपुर में 22.8, शिमला में 18.8, मनाली में 18.6, कल्पा में 14.6 और केलांग में 10 डिग्री सेल्सियस रहा।
कई क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 8 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट आने की संभावना है।
