मुख्य बातें
- नूरपुर पुलिस ने लुधियाना के शाम लाल को गिरफ्तार किया है।
- आरोपी पर फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर महिला और उसके परिवार को बदनाम करने व धमकी देने का आरोप है।
- पुलिस ने साइबर सेल की मदद से आरोपी की पहचान कर उसके फर्जी अकाउंट डिलीट करवा दिए हैं।
कांगड़ा जिले की नूरपुर पुलिस ने पंजाब से लुधियाना के शेरपुर चौक निवासी शाम लाल को गिरफ्तार किया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्मचंद वर्मा के अनुसार, आरोपी ने एक महिला के नाम से कई फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाए थे। इन अकाउंट्स पर उसने महिला और उसके परिवार की तस्वीरें अपलोड कर उन पर अश्लील टिप्पणियां कीं।
आरोप है कि शाम लाल ने महिला का मोबाइल नंबर सोशल मीडिया पर सार्वजनिक कर दिया था। इसके बाद पीड़िता को अनजान नंबरों से लगातार फोन आने लगे।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी व्हाट्सऐप कॉल के जरिए महिला और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहा था।
पुलिस ने साइबर सेल की मदद से तकनीकी साक्ष्य जुटाए और आरोपी की पहचान सुनिश्चित की। पुलिस ने आरोपी द्वारा बनाए गए सभी फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट ब्लॉक और डिलीट करवा दिए हैं।
आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(2), 352 और महिलाओं का अशिष्ट रूपण (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 6 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
