मुख्य बातें
- मंडी के नेरचौक में सोमवार को ढाई साल के अनिरुद्ध अबरोल की बाल्टी में डूबने से मौत हो गई।
- घटना के समय बच्चे की मां चक्कर आने के कारण बेहोश हो गई थीं।
- नेरचौक मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों ने बच्चे को मृत घोषित किया।
मंडी जिले के नेरचौक नगर परिषद के वार्ड नंबर नौ स्थित डडौर में सोमवार को एक ढाई साल के मासूम की पानी की बाल्टी में डूबने से मौत हो गई। मृतक बच्चे की पहचान अनिरुद्ध अबरोल के रूप में हुई है, वह रोहित अबरोल का पुत्र था।
जानकारी के अनुसार, बच्चे की मां कपड़े धोकर सुखाने के लिए बाहर गई थीं। इसी दौरान उन्हें चक्कर आया और वह बेहोश हो गईं।
इसी बीच अनिरुद्ध बाथरूम में चला गया और वहां रखी पानी से भरी बाल्टी में गिर गया।
बच्चे को तुरंत नेरचौक मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस हादसे के संबंध में छानबीन कर रही है।
