अपराध ऊना

ऊना के बदोली में थार से कुचलकर दो की मौत, आरोपी जरनैल सिंह गिरफ्तार

पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर क्रॉस एफआईआर दर्ज की है।

मुख्य बातें

  • ऊना के बदोली गांव में 8 नवंबर को विवाद के दौरान थार गाड़ी से कुचलकर दो लोगों की मौत हो गई।
  • पुलिस ने आरोपी जरनैल सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, जिसे कोर्ट ने चार दिन के रिमांड पर भेजा है।
  • मामले में दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर क्रॉस एफआईआर दर्ज की गई है।

ऊना जिले के बदोली गांव में 8 नवंबर को करीब 9:30 बजे पुरानी रंजिश को लेकर दो परिवारों के बीच विवाद हुआ। इस घटना में जरनैल सिंह के चचेरे भाई ओंकार सिंह और भाभी वीना देवी की मौत हो गई।

अजमेर सिंह ने आरोप लगाया कि जरनैल सिंह ने उनके बेटे ओंकार सिंह और बहू वीना देवी को थार गाड़ी से कुचल दिया। दोनों को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इस घटना के दौरान अजमेर सिंह और उनकी पत्नी सुषमा देवी को भी चोटें आई थीं।

वहीं, केशव ठाकुर ने आरोप लगाया कि ओंकार सिंह और उनके परिवार के सदस्य उनके घर पहुंचे थे और वहां मारपीट की गई। शिकायत के अनुसार, इस दौरान उनके पिता जरनैल सिंह और उन्हें भी चोटें आईं और उन पर दराट से हमला किया गया।

दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर पुलिस ने क्रॉस एफआईआर दर्ज की हैं। बुधवार सुबह पीजीआई चंडीगढ़ से छुट्टी मिलने के बाद पुलिस ने जरनैल सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजय राणा के अनुसार, कोर्ट ने जरनैल सिंह को चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजने के आदेश दिए हैं।