मुख्य बातें
- बिलासपुर के कसेह गांव में शुक्रवार को साढ़े तीन साल का बच्चा पानी के स्टोरेज टैंक में गिर गया।
- बच्चे की पहचान जितेंद्र कुमार के पुत्र विनायक के रूप में हुई है, जिसे एम्स बिलासपुर में मृत घोषित किया गया।
- झंडूता पुलिस ने मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
बिलासपुर जिले के कसेह गांव में एक साढ़े तीन साल के बच्चे की पानी के स्टोरेज टैंक में डूबने से मौत हो गई। मृतक बच्चे की पहचान जितेंद्र कुमार के पुत्र विनायक (उर्फ गणी) के रूप में हुई है।
घटना शुक्रवार की है। विनायक अपनी मां और दादी के साथ खेत की ओर गया था। वहां वह खेलते-खेलते खेत के पास बने पानी के स्टोरेज टैंक में गिर गया।
परिजनों ने तुरंत बच्चे को टैंक से बाहर निकाला और उसे एम्स बिलासपुर ले गए। वहां चिकित्सकों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।

झंडूता पुलिस ने एम्स बिलासपुर से सूचना मिलने के बाद घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने इस घटना की पुष्टि की है। मामले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 194 के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
