मुख्य बातें
- बिलासपुर के घुमारवीं बस स्टैंड के बाहर बुधवार दोपहर एचआरटीसी की इलेक्ट्रिक बस की चपेट में आने से पंकज नामक युवक की मौत हो गई।
- पुलिस ने बस और चालक को अपने कब्जे में ले लिया है और चालक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
- स्थानीय लोगों ने सड़क की खस्ताहाल स्थिति और गड्ढों को हादसे की संभावित वजह बताया है।
बिलासपुर जिले के घुमारवीं बस स्टैंड के बाहर एक गारमेंट्स की दुकान के पास एचआरटीसी की इलेक्ट्रिक बस के पिछले टायर की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा बुधवार दोपहर को हुआ।
मृतक की पहचान हारकुकार निवासी पंकज पुत्र जय सिंह के रूप में हुई है। हादसा उस समय हुआ जब जंगलबेरी से शिमला रूट पर चलने वाली इलेक्ट्रिक बस घुमारवीं बस स्टैंड से बाहर निकल रही थी।
पुलिस थाना घुमारवीं की टीम ने बस और चालक को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने बस चालक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने हादसे की पुष्टि की है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हादसा बस चालक की लापरवाही से हुआ या अन्य कारणों से।
पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही स्थानीय दुकानदारों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि बस स्टैंड के बाहर लिंक सड़क की खस्ताहाल स्थिति, उखड़े हुए पेवर ब्लॉक और गहरे गड्ढे इस हादसे की संभावित वजह हो सकते हैं।
