आपदा किन्नौर

किन्नौर के भावानगर में पिकअप खाई में गिरी, दो युवकों की मौत

हादसे के समय गाड़ी में सेब के क्रेट लदे थे और दोनों मृतक चौपाल के निवासी थे।

मुख्य बातें

  • किन्नौर के भावानगर में पिकअप गाड़ी 500 फीट गहरी खाई में गिरी, जिससे दो युवकों की मौत हो गई।
  • मृतक दया और उमेश चौपाल के निवासी थे और सेब के क्रेट लेकर जा रहे थे।
  • पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

किन्नौर जिले के भावानगर में एक पिकअप गाड़ी अनियंत्रित होकर करीब 500 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में गाड़ी सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान चौपाल निवासी दया (37) और उमेश (24) के रूप में हुई है। बताया गया है कि दोनों युवक विवाहित थे।

हादसा भावा वैली सड़क पर हुआ। किन्नौर में इन दिनों सेब सीजन चल रहा है, इसलिए दोनों युवक पिकअप गाड़ी में क्रेट लेकर जा रहे थे।

यह हादसा एक सुनसान जगह पर हुआ, जिसकी वजह से किसी ने भी पिकअप को खाई में गिरते नहीं देखा।

चौपाल निवासी सुनील कुमार ने शनिवार रात भावानगर पुलिस को अपनी पिकअप गाड़ी (एचपी-08ए-3774) के लापता होने की सूचना दी।

सर्च ऑपरेशन के दौरान रविवार दोपहर दुर्घटनाग्रस्त पिकअप का पता चला। शवों को खाई से निकालने के लिए मौके पर पुलिस की क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) बुलाई गई।

क्यूआरटी को दोनों युवकों के शव खाई से निकालने में छह घंटे का समय लगा। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, हालांकि अब तक हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है।