मुख्य बातें
- कांगड़ा के शाहपुर में सड़क हादसे में पहाड़ी साहित्यकार रमेश मस्ताना की मौत हो गई।
- बेटे प्रियांकुर ने आरोप लगाया है कि इनोवा क्रिस्टा टैक्सी सवार ने घायल को अस्पताल ले जाने के बजाय करीब एक घंटे तक घुमाया।
- पुलिस इस हिट एंड रन मामले की जांच कर रही है।
कांगड़ा जिले के शाहपुर के चंबी में अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से घर लौट रहे पहाड़ी साहित्यकार रमेश मस्ताना की सड़क हादसे में मौत हो गई। रमेश मस्ताना शाहपुर के नेरटी के रहने वाले थे।
घटना 5 नवंबर की शाम करीब छह बजे की है। रमेश मस्ताना धर्मशाला कॉलेज के हिंदी संभाग में स्नातक की पढ़ाई के दौरान डिग्री कॉलेज धर्मशाला के पहले स्वर्ण पदक विजेता बने थे।
मृतक के बेटे प्रियांकुर ने आरोप लगाया है कि लदवाड़ा-शाहपुर फोरलेन पर एक तेज रफ्तार इनोवा क्रिस्टा टैक्सी ने बाइक सवार रमेश मस्ताना को टक्कर मारी। प्रियांकुर के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि इनोवा के दोनों एयरबैग खुल गए और बाइक का पिछला पहिया पूरी तरह जाम होकर गाड़ी के साथ करीब 100 मीटर तक घिसटती चली गई।
प्रियांकुर ने यह भी आरोप लगाया कि नशे की हालत में कार सवार गंभीर रूप से घायल रमेश मस्ताना को अस्पताल पहुंचाने के बजाय करीब एक घंटे तक गाड़ी की पिछली सीट पर डालकर सुनसान रास्तों पर घुमाते रहे।
परिजनों ने मांग की है कि इस मामले को गैर-इरादतन हत्या या हत्या की धाराओं के तहत दर्ज किया जाए।
पुलिस इस हिट एंड रन केस की जांच कर रही है।
