मुख्य बातें
- ऊना के बसोली गांव स्थित पीर निगाह मंदिर को हिमाचल प्रदेश हिंदू सार्वजनिक धार्मिक संस्थान एवं पूर्त विन्यास अधिनियम, 1984 की अनुसूची-1 में शामिल किया गया है।
- सरकार ने मंदिर संपत्तियों के बेहतर प्रबंधन और संरक्षण के लिए 14 अक्तूबर 2026 को अधिसूचना जारी की है।
ऊना जिले के बसोली गांव स्थित पीर निगाह मंदिर को हिमाचल प्रदेश हिंदू सार्वजनिक धार्मिक संस्थान एवं पूर्त विन्यास अधिनियम, 1984 की अनुसूची-1 में शामिल कर लिया गया है। इस संबंध में अधिसूचना 14 अक्तूबर 2026 को जारी की गई है।
सरकार ने मंदिर से जुड़ी संपत्तियों के बेहतर प्रबंधन, संरक्षण और परिरक्षण के उद्देश्य से यह निर्णय लिया है। राज्यपाल ने अधिनियम की धारा 29 की उपधारा एक के तहत शक्तियों का प्रयोग करते हुए अनुसूची-एक में क्रम संख्या 37 पर पीर निगाह मंदिर को शामिल करने की स्वीकृति दी है।
उपायुक्त जतिन लाल ने बताया कि अधिसूचना के तहत बसोली गांव, तहसील एवं जिला ऊना के पीर निगाह मंदिर को अनुसूची-1 में क्रम संख्या 37 पर रखा गया है।
अधिसूचना की प्रतियां आवश्यक कार्रवाई के लिए मुख्य सचिव, विधि विभाग, भाषा, कला एवं संस्कृति निदेशक, मंदिर आयुक्त, उपमंडलाधिकारी और जिला भाषा अधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों को भेजी गई हैं।
