शिक्षा शिमला

हिमाचल के सीबीएसई स्कूलों में 3,100 शिक्षकों की नियुक्ति को मंजूरी

इन शिक्षकों का चयन हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग द्वारा प्रतियोगी परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा।

मुख्य बातें

  • हिमाचल प्रदेश सरकार ने सीबीएसई संबद्ध सरकारी स्कूलों के लिए 3,100 शिक्षकों की नियुक्ति को मंजूरी दी है।
  • चयनित शिक्षकों को 30 हजार रुपये प्रतिमाह निश्चित मानदेय मिलेगा और चयन प्रतियोगी परीक्षा से होगा।
  • अंग्रेजी और गणित शिक्षकों के पदों के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) अनिवार्य की गई है।

हिमाचल प्रदेश सरकार ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) से संबद्ध सरकारी स्कूलों के लिए दूसरे चरण में 3,100 शिक्षकों की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि इस निर्णय का उद्देश्य शिक्षण व्यवस्था को मजबूत करना, विषय-विशेष शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करना और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाना है।
योजना के तहत 2,500 शिक्षकों की नियुक्ति निश्चित मानदेय और एकमुश्त समेकित राशि के आधार पर की जाएगी। इन चयनित शिक्षकों को 30 हजार रुपये प्रतिमाह निश्चित मानदेय दिया जाएगा।
प्रोफेशनल अंग्रेजी और गणित शिक्षकों की नियुक्ति के लिए एक अलग उप-योजना बनाई गई है। इसके तहत कुल 600 शिक्षकों की नियुक्ति होगी, जिनमें गणित के 360 और अंग्रेजी के 240 शिक्षक शामिल हैं। राज्य सरकार ने इन पदों के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) को अनिवार्य योग्यता बनाने का निर्णय लिया है।
अन्य विषयों में हिंदी के 240, राजनीति विज्ञान के 199, इतिहास के 199, अर्थशास्त्र के 202, भौतिक विज्ञान के 120, रसायन विज्ञान के 120, जीव विज्ञान के 240, संस्कृत के 240, कंप्यूटर के 120, संगीत के 120, वाणिज्य के 240, शारीरिक शिक्षा के 240 और ललित कला के 220 शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को मज़बूत बनाने और सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू करना शैक्षणिक स्तर में सुधार लाने और विद्यार्थियों के लिए शैक्षिक अवसरों का विस्तार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इन सभी शिक्षकों का चयन हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग द्वारा प्रतियोगी परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा।