मुख्य बातें
- किन्नौर के कूपा बांध में पक्षी अवलोकन के दौरान 16 प्रजातियां दर्ज की गईं।
- वन्यप्राणी परिक्षेत्र सांगला की टीम ने 21 अक्तूबर को निरीक्षण किया।
- अवलोकन में प्रवासी जलीय पक्षियों की मौजूदगी पाई गई है।
किन्नौर जिले के सांगला घाटी में स्थित कूपा बांध में पक्षी अवलोकन के दौरान 16 प्रजातियों की मौजूदगी दर्ज की गई है। इनमें प्रवासी जलीय पक्षी भी शामिल हैं।
वन्यप्राणी परिक्षेत्र सांगला की टीम ने 21 अक्तूबर को सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक निरीक्षण किया। इस टीम में वन खंड अधिकारी गोपाल नेगी, वन खंड अधिकारी संतोष ठाकुर, वन मित्र कुमारी अल्पना और बर्डर तेनजिन नेगी शामिल थे।

अवलोकन के दौरान आइबिसबिल, यूरेशियन कूट, कॉमन टील, गार्गनी, ग्रेट कॉर्मोरेंट, नॉर्दर्न शोवलर, फेरुजिनस डक और मल्लार्ड जैसी प्रजातियां देखी गईं। इसके अलावा नॉर्दर्न पिंटेल, गैडवॉल, ब्लैक-विंग्ड स्टिल्ट, व्हाइट-कैप्ड रेडस्टार्ट, प्लम्बियस वाटर रेडस्टार्ट, ब्राउन डिपर, कॉमन सैंडपाइपर और ग्रीन सैंडपाइपर भी दर्ज किए गए।
सराहन वन्यजीव मंडल के उप अरण्यपाल अशोक नेगी ने बताया कि प्रवासी पक्षी हर साल अक्तूबर में यहां पहुंचते हैं और मार्च-अप्रैल तक ठहरते हैं।

कूपा बांध और आसपास का प्राकृतिक परिवेश इन पक्षियों के लिए अनुकूल आवास उपलब्ध करवाता है। यह स्थान जैव विविधता और प्रकृति पर्यटन के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
वन्यप्राणी विभाग के निर्देश हैं कि हर साल कूपा डैम और अन्य क्षेत्रों में निगरानी रखी जाए।
