मुख्य बातें
- 11 अक्टूबर को चंबा के ऊंचाई वाले क्षेत्रों और मणिमहेश डल झील सहित कई पास पर 4 से 6 इंच बर्फबारी हुई।
- निचले इलाकों में बारिश के कारण तापमान गिरा और ठंड बढ़ गई है।
- बर्फबारी और बारिश की वजह से पशुधन के साथ कांगड़ा की ओर जा रहे भेड़पालकों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
चंबा जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम बदलने के बाद बर्फबारी हुई है। भरमौर उपमंडल के ऊपरी इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी दर्ज की गई है।
मणिमहेश डल झील, काली छो पास, कुगती पास, चोबिया पास और जालसू पास सहित आसपास की ऊंची पहाड़ियों पर करीब 4 से 6 इंच तक ताजा हिमपात हुआ है।

वहीं निचले क्षेत्रों में बारिश होने से तापमान गिर गया है, जिससे पूरे क्षेत्र में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है।
इन दिनों बड़ी संख्या में भेड़पालक अपनी भेड़-बकरियों के साथ दुर्गम पहाड़ी रास्तों से होते हुए कांगड़ा और अन्य निचले क्षेत्रों की ओर जा रहे हैं। वर्तमान में भेड़ों की ऊन उतारने का समय भी चल रहा है।
ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश के कारण पशुधन के साथ आवाजाही करने में भेड़पालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम खराब होने की वजह से उन्हें पहाड़ी रास्तों पर विशेष सावधानी बरतनी पड़ रही है।
