मुख्य बातें
- पूर्व शिमला एसएसपी संजीव कुमार गांधी के खिलाफ धन अनियमितता की जांच के लिए तीन सदस्यीय एसआईटी गठित की गई है।
- उन पर रामपुर और शोघी में पुलिस भवनों की मरम्मत के लिए मिली 14.07 लाख रुपये की राशि और एक अन्य मामले में 2.35 लाख रुपये के गबन का आरोप है।
- एसआईटी को दस्तावेजी और डिजिटल साक्ष्य जुटाने तथा आरोपियों की भूमिका तय करने के निर्देश दिए गए हैं।
शिमला जिले के पूर्व एसएसपी संजीव कुमार गांधी के खिलाफ धन अनियमितता के आरोपों की जांच के लिए तीन सदस्यीय विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया है। एसएसपी शिमला गौरव सिंह की निगरानी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) मेहर पंवार के अधीन यह टीम बनाई गई है।
एसआईटी में पुलिस थाना सदर शिमला के एसएचओ इंस्पेक्टर विवेक गौतम, पुलिस थाना पश्चिम के एसएचओ इंस्पेक्टर अंकुश ठाकुर और विशेष प्रकोष्ठ शिमला के सब इंस्पेक्टर अंबी लाल को शामिल किया गया है। टीम को दो प्राथमिकी की गहन और निष्पक्ष जांच करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
संजीव कुमार गांधी 23 जनवरी 2023 से छह फरवरी 2026 तक शिमला के एसएसपी रहे। उन पर आरोप है कि रामपुर और शोघी में पुलिस भवनों तथा आवासीय परिसरों की मरम्मत एवं रखरखाव के लिए निर्धारित सरकारी धनराशि में से 14.07 लाख रुपये का दुरुपयोग किया गया।
आरोप है कि इस धनराशि का इस्तेमाल उनके शिमला स्थित आधिकारिक आवास पर किया गया। इसके अलावा, गांधी पर वर्ष 2024 और 2025 के दौरान पुलिस लाइंस, कैथू में तैनात एक कांस्टेबल के साथ धोखाधड़ी करने और सरकारी धन से 2 लाख 35 हजार रुपये के गबन का मामला भी दर्ज है।
इस मामले में उन पर बेईमानी से धन प्राप्त करने, जाली दस्तावेज तैयार करने और उनका इस्तेमाल करने के आरोप भी लगे हैं। एसआईटी को दस्तावेजी, वित्तीय और डिजिटल साक्ष्य जुटाने तथा अपराध में शामिल प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका निर्धारित करने के निर्देश दिए गए हैं।
एसआईटी को समयबद्ध जांच सुनिश्चित करने और नियमित रूप से प्रगति रिपोर्ट एएसपी को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
संजीव कुमार गांधी ने इन सभी आरोपों से इनकार किया है। उन्होंने दावा किया कि अतीत में पुलिस विभाग की कथित अनियमितताओं को उजागर करने के कारण उन्हें निशाना बनाया जा रहा है।
