मुख्य बातें
- राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज हमीरपुर का छात्र सर्वेश शर्मा 28 अक्तूबर को हॉस्टल की तीसरी मंजिल से गिर गया।
- तकनीकी शिक्षा निदेशालय ने छात्र के ड्रोन प्रोजेक्ट और फंडिंग के दावों की जांच के लिए कमेटी बनाई है।
- तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने साइबर धोखाधड़ी मामले की सीबीआई जांच की मांग की है।
हमीरपुर जिले के बड़ू स्थित राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज हमीरपुर के कंप्यूटर इंजीनियरिंग छात्र सर्वेश शर्मा 28 अक्तूबर को हॉस्टल की तीसरी मंजिल से गिर गए। फिलहाल सर्वेश शर्मा पीजीआई चंडीगढ़ में उपचाराधीन हैं।
इस घटना के बाद तकनीकी शिक्षा निदेशालय ने सर्वेश शर्मा द्वारा ड्रोन बनाने और फंडिंग मिलने के दावों की जांच के लिए एक कमेटी गठित की है।
सर्वेश शर्मा ने दावा किया था कि उन्होंने 17 और 18 जुलाई को जोधपुर में ड्रोन प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। दावे के मुताबिक, इस प्रतियोगिता में चौथा स्थान मिलने पर उन्हें दस लाख रुपये का पुरस्कार मिला था।
27 अक्तूबर को भारतीय सेना ने सर्वेश शर्मा के इस दावे को खारिज करते हुए इसे फर्जी करार दिया था। वहीं, 8 अक्तूबर को सर्वेश ने अपनी एक निजी कंपनी का पंजीकरण करवाया था।
सर्वेश शर्मा ने 27 अक्तूबर को डीआईओ को ई-मेल के जरिए साइबर ठगी की शिकायत की थी। डीआईओ ने 28 अक्तूबर को यह ई-मेल तकनीकी संस्थान प्रबंधन को फॉरवर्ड की थी।
तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने इस साइबर धोखाधड़ी मामले की सीबीआई जांच की मांग की है।
