राजनीति हमीरपुर

हमीरपुर के दोसडक़ा में 11 दिसंबर को भव्य समारोह, सरकार के चार वर्ष पूरे होने का जश्न

भोरंज के विधायक सुरेश कुमार ने बुधवार को पत्रकार वार्ता कर इस कार्यक्रम की जानकारी दी।

मुख्य बातें

  • हिमाचल प्रदेश सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर 11 दिसंबर को हमीरपुर के दोसडक़ा के पुलिस मैदान में भव्य समारोह होगा।
  • भोरंज के विधायक सुरेश कुमार ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा विभिन्न जटिल मामलों में राज्य का पक्ष मजबूती से रखने और राजस्व दिलाने का दावा किया।
  • विधायक के अनुसार राज्य सरकार वाटर सेस के मुद्दे पर कोर्ट में लड़ाई लड़ रही है और चंडीगढ़ में हिस्सेदारी के लिए कदम उठा रही है।

हिमाचल प्रदेश सरकार के चार वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य पर 11 दिसंबर को हमीरपुर के दोसडक़ा के पुलिस मैदान में एक भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा।

भोरंज के विधायक सुरेश कुमार ने बुधवार को पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए इस समारोह की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू चार वर्ष के कार्यकाल के दौरान आर्थिक, राजनीतिक और प्राकृतिक आपदा जैसी तमाम चुनौतियों से बखूबी निपटे।

सुरेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री ने आम लोगों, युवाओं और कर्मचारियों सहित समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं आरंभ की हैं।

विधायक सुरेश कुमार ने बताया कि वाइल्ड लॉवर हॉल, जेएसडब्ल्यू जलविद्युत परियोजना, किशाउ बांध परियोजना और हाल ही में बीबीएमबी से एरियर जैसे जटिल मामलों में मुख्यमंत्री ने दृढ़ता के साथ हिमाचल का पक्ष रखा। इससे अब हिमाचल को हजारों करोड़ रुपए का राजस्व मिलेगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार वाटर सेस के मुद्दे की लड़ाई कोर्ट में लड़ रही है। साथ ही चंडीगढ़ में हिमाचल प्रदेश की हिस्सेदारी प्राप्त करने के लिए भी राज्य सरकार कदम उठा रही है।

सुरेश कुमार ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा रेवेन्यू डेफिसिट ग्रांट बंद करने और अन्य आर्थिक चुनौतियों के बावजूद मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को वित्तीय लाभ प्रदान किए। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ने कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना लागू की और चुनाव के वादों को पूरा किया।