मुख्य बातें
- एनएचएआई ने 1 नवंबर से कांगड़ा बाईपास को ट्रायल आधार पर यातायात के लिए खोल दिया है।
- इस बाईपास से यात्रा की दूरी 8 किलोमीटर से घटकर 4.5 किलोमीटर रह गई है।
- परियोजना में 593 मीटर लंबी ट्विन-ट्यूब सुरंग और रियुंद खड्ड पर 155 मीटर लंबा पुल बनाया गया है।
कांगड़ा जिले में नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) ने कांगड़ा बाईपास को ट्रायल आधार पर यातायात के लिए खोल दिया है। यह बाईपास शिमला-मटौर कॉरिडोर के भंगबार-कांगड़ा (एनएच-503) खंड में बनाया गया है।
इस बाईपास के शुरू होने से यात्रा की दूरी करीब 8 किलोमीटर से घटकर 4.5 किलोमीटर रह गई है। इससे कांगड़ा शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत मिलेगी।
परियोजना के तहत 593 मीटर लंबी ट्विन-ट्यूब सुरंग और करीब 477 मीटर लंबाई के तीन प्रमुख पुल बनाए गए हैं। इसके अलावा इसमें 160 मीटर लंबा वायाडक्ट और 455 मीटर लंबा रेलवे ओवरब्रिज कम वायाडक्ट बनाया गया है।

रियुंद खड्ड पर 155 मीटर लंबे पुल का निर्माण पूरा होने के बाद अब वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है।
एनएचएआई हमीरपुर परियोजना निदेशक राकेश यादव ने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देश के बाद पुल और टनल सफर शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि कुछ दिनों में पुल पर लाइटें लग जाएंगी और अप्रोच के पास सुरक्षा कार्य चल रहे हैं।

एनएचएआई ने वाहन चालकों से सावधानी बरतने और निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की है। साथ ही सड़क संकेतों, यातायात नियमों और तैनात कर्मियों के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
शिमला-कांगड़ा-मटौर फोरलेन परियोजना की कुल लंबाई करीब 223 किलोमीटर है। इसे बनाने पर लगभग 10,000 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। यह फोरलेन शिमला, बिलासपुर, कांगड़ा और हमीरपुर जिलों में बन रहा है।
रानीताल से आगे बालूग्लोआ पुल का काम भी जल्द पूरा होगा और एक महीने के भीतर इसके शुरू होने की उम्मीद है।
