बिजली-पानी कांगड़ा

हिमाचल में लगेंगे 179 ईवी चार्जिंग स्टेशन, केंद्र ने दिए 26.59 करोड़ रुपए

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश में एक हजार नई इलेक्ट्रिक बसें खरीदने को भी मंजूरी दी है।

मुख्य बातें

  • केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश में 179 ईवी चार्जिंग स्टेशन लगाने के लिए 26.59 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं।
  • मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश के लिए 1000 नई इलेक्ट्रिक बसें खरीदने की मंजूरी दी है।
  • कांगड़ा के नए ई-बस डिपो में जल्द ही और इलेक्ट्रिक बसें जोड़ी जाएंगी।

केंद्र सरकार के भारी उद्योग मंत्रालय ने हिमाचल प्रदेश में 179 नए इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) सार्वजनिक चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने और उनके संचालन के लिए 26.59 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं। राज्य परिवहन विभाग इस परियोजना को लागू करने के लिए नोडल एजेंसी होगा।
परिवहन मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि इस राशि के आवंटन से राज्य में इलेक्ट्रिक वाहन सार्वजनिक चार्जिंग स्टेशनों के नेटवर्क का विस्तार होगा। केंद्र सरकार ने पीएम इलेक्ट्रिक ड्राइव रिवॉल्यूशन इन इनोवेटिव व्हीकल एंहांसमेंट के तहत देश भर में ईवी चार्जिंग स्टेशन लगाने के लिए 2,000 करोड़ रुपए आवंटित किए हैं।
एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने बताया कि इससे प्रदेश में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग सुविधाओं का विस्तार होगा। उन्होंने कहा कि इससे इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल को प्रोत्साहन मिलेगा और राज्य को हरित एवं प्रदूषण मुक्त बनाने के प्रयासों को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश में एक हजार नई इलेक्ट्रिक बसें खरीदने को मंजूरी दी है। वर्तमान में एचआरटीसी के बेड़े में करीब 250 इलेक्ट्रिक बसें शामिल हैं।
अजय वर्मा ने बताया कि कांगड़ा में स्थापित नए ई-बस डिपो में जल्द ही अतिरिक्त इलेक्ट्रिक बसें शामिल की जाएंगी।