अदालत कांगड़ा

गगल एयरपोर्ट पर कारतूस मिलने का मामला; हाईकोर्ट ने इजरायली नागरिक की FIR रद्द की

अदालत ने कहा कि विदेशी नागरिक पर यह मुकदमा चलाना कानूनी प्रक्रिया का दुरुपयोग और अनावश्यक उत्पीड़न होगा।

मुख्य बातें

  • हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट ने गगल एयरपोर्ट पर कारतूस मिलने के मामले में इजरायली नागरिक लेवी योनातन की FIR रद्द कर दी।
  • 15 सितम्बर 2026 को गगल एयरपोर्ट पर लेवी योनातन के बैग से एक जिंदा कारतूस मिला था।
  • अदालत ने माना कि मामले में कोई आपराधिक मंशा नहीं थी और मुकदमा चलाना अनावश्यक उत्पीड़न होगा।

हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट ने गगल एयरपोर्ट पर जिंदा कारतूस मिलने के मामले में इजरायली रिजर्व सैनिक लेवी योनातन के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी (FIR) और उससे जुड़ी सभी कानूनी कार्यवाहियों को पूरी तरह खारिज कर दिया है।

कांगड़ा जिले के गगल पुलिस स्टेशन में यह प्राथमिकी दर्ज की गई थी। 24 वर्षीय लेवी योनातन 15 अगस्त 2026 को पर्यटक वीजा पर भारत आए थे।

15 सितम्बर 2026 को जब वह गगल एयरपोर्ट से घरेलू उड़ान पकड़ रहे थे, तब उनके बैग से एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था।

अदालत में लेवी योनातन ने स्पष्ट किया कि वह आइडीएफ में स्टाफ सार्जेंट रह चुके हैं और वर्तमान में एक्टिव रिजर्व सर्विस में हैं। उन्होंने बताया कि जल्दबाजी में पुराने सैन्य बैग में कपड़े पैक किए थे, जिससे गोली गहरे अस्तर के मोड़ों में छिपी रह गई और उन्हें इसका अंदाजा नहीं था।

Kangra airport 1
File photo: Balajijagadesh / Wikimedia Commons, CC BY-SA 4.0

इजरायली दूतावास के डिफेंस अटैची कर्नल एली टोलेडानो एतान ने अदालत को एक आधिकारिक पत्र भेजा। इसमें पुष्टि की गई कि इजरायल में अनिवार्य सैन्य सेवा के कारण सैनिकों के बैग में अनजाने में गोला-बारूद रह जाना एक सामान्य चूक हो सकती है और इसमें योनातन की कोई आपराधिक मंशा नहीं थी।

मुख्य न्यायाधीश जीएस संधावालिया और न्यायाधीश बिपिन सी नेगी की खंडपीठ ने कहा कि विदेशी नागरिक पर यह मुकदमा चलाना अदालत की प्रक्रिया का दुरुपयोग और अनावश्यक उत्पीड़न होगा, जिससे वह विदेश में फंसा रह जाएगा।

हाई कोर्ट ने कहा कि आर्म्स एक्ट के तहत केवल हथियार या कारतूस का मिलना काफी नहीं है, बल्कि आरोपित को उसकी मौजूदगी का मानसिक ज्ञान होना जरूरी है। लेवी के पास कोई बंदूक या अन्य संदिग्ध सामान नहीं था, इसलिए सिर्फ एक अकेली गोली मिलने को अंतरराष्ट्रीय तस्करी से नहीं जोड़ा जा सकता।