मुख्य बातें
- मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने सोमवार को शिमला के अटल सुपर स्पेशलिटी आयुर्विज्ञान संस्थान का दौरा किया।
- मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों की समीक्षा की और अस्पताल में चिकित्सकों की कमी को दूर करने का आश्वासन दिया।
- दौरे के दौरान उन्होंने ऑटोमेटेड लैब के लिए प्रस्तावित जगह का निरीक्षण किया और मरीजों से मुलाकात की।
शिमला जिले के चमियाना में स्थित अटल सुपर स्पेशलिटी आयुर्विज्ञान संस्थान का सोमवार को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने दौरा किया। इस दौरान उन्होंने संस्थान में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों और अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने संस्थान के अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों में उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अस्पताल में उपचाराधीन मरीजों का कुशल-क्षेम जाना और नर्सिंग स्टाफ से बातचीत की।

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने ऑटोमेटेड लैब के लिए प्रस्तावित जगह का निरीक्षण किया। अस्पताल प्रबंधन ने मुख्यमंत्री के सामने मेडिकल ऑफिसर (एमओ), सीनियर रेजिडेंट (एसआर) और अन्य स्टाफ की कमी का मुद्दा उठाया।

मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि अस्पताल में जल्द ही आवश्यक चिकित्सकों की तैनाती की जाएगी। इस मौके पर मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार नरेश चौहान, उपायुक्त अनुपम कश्यप और एसपी गौरव सिंह मौजूद रहे।
संस्थान के प्रिंसिपल डॉ. बृज शर्मा और सीनियर मेडिकल सुपरिटेंडेंट डा. सुधीर शर्मा ने भी मुख्यमंत्री को व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
