स्वास्थ्य चंबा

चंबा के तीसा में एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन शुरू, मुख्यमंत्री ने दिखाई हरी झंडी

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने विद्यार्थियों के साथ नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता का संदेश दिया।

मुख्य बातें

  • मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने 5 नवंबर को चंबा के तीसा में एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन शुरू की।
  • सरकार नशा माफिया के खिलाफ कार्रवाई कर रही है और तस्करों की संपत्तियां जब्त की जा रही हैं।
  • मुख्यमंत्री ने लोगों से 112 नंबर पर नशा तस्करों की जानकारी देने की अपील की।

चंबा जिले के तीसा में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने पीएम श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला से एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लेकर नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा, "सरकार नशा तस्करी में शामिल लोगों की संपत्तियां भी जब्त कर रही है। नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के हर वर्ग की साझा जिम्मेदारी है। युवाओं और आम जनता को चिट्टा और अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के बारे में शिक्षित करने के लिए पूरे राज्य में एंटी-चिट्टा रैलियां और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं"।

मुख्यमंत्री ने तीसा में एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन को दिखाई हरी झंडी
Photo: DPR Himachal

प्रदेश सरकार नशा माफिया के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई कर रही है और इस कारोबार से जुड़े व्यक्तियों की परिसम्पतियां जब्त की जा रही हैं। राज्यभर में एंटी-चिट्टा रैली और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं ताकि युवाओं और आम जनता को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जा सके।

CM flags off anti-chitta rally in Rohru
File photo: DPR Himachal

ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आमजन से आग्रह किया कि वे दूरभाष नम्बर 112 डायल कर नशा तस्करों के बारे में पुलिस को जानकारी दें। उन्होंने कहा कि जानकारी देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

इस अवसर पर विधायक नीरज नैय्यर, प्रदेश हज कमेटी के अध्यक्ष दिलदार अली भट्ट और कांग्रेस के महासचिव यशवंत खन्ना भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने बैरागढ़ स्कूल में प्रयोगशाला और अतिरिक्त कक्षाओं के निर्माण के लिए 3 करोड़ रुपये के अनुदान की घोषणा की।