मुख्य बातें
- लाहौल-स्पीति के शिंकुला पास में रविवार को भारी बर्फबारी के कारण पर्यटक और बाइकर फंस गए थे, जिन्हें पुलिस ने रेस्क्यू किया।
- दारचा-शिंकुला सड़क और बारालाचा ला मार्ग पर दोपहिया व 4×2 वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है।
- प्रशासन ने आगामी चार से पांच दिनों तक बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है।
लाहौल एवं स्पीति जिले के शिंकुला पास के पास रविवार को भारी बर्फबारी के कारण कई पर्यटक और बाइकर फंस गए। जिला पुलिस ने रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
पुलिस ने लगभग 15 से 20 वाहनों को जिस्पा और अन्य सुरक्षित स्थानों की ओर पहुंचाया। पुलिस के अनुसार, इस पूरी कार्यवाही के दौरान कोई अनहोनी नहीं हुई।
बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बरसात के बाद जिला प्रशासन ने मौसम और सड़क सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। उपायुक्त किरण भदाना ने कहा कि सड़कों पर बर्फ जमा होने से वाहनों के फिसलने, दुर्घटनाओं और यात्रियों के फंसने का खतरा बढ़ गया है।
सावधानी के तौर पर दारचा-शिंकुला सड़क को दोपहिया वाहनों के लिए बंद कर दिया गया है। प्रशासन ने दारचा से बारालाचा ला और शिंकुला पास के मार्ग पर सभी 4×2 वाहनों और दोपहिया वाहनों के लिए प्रतिबंध लगाया है।
पर्यटकों और यात्रियों को चेतावनी दी गई है कि स्थिति सुधरने तक ऊंचाई वाले क्षेत्रों की ओर न जाएं। प्रशासन ने लोगों से बरसात और बर्फबारी के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने का अनुरोध किया है।
लोगों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने वाहनों को खतरनाक ढलानों और नदी के किनारों से दूर रखें। साथ ही नदियों, नालों या पानी से भरे क्षेत्रों को पार करने की कोशिश न करें।
डीपीएसआई मुख्यालय, कुल्लू ने सलाह दी है कि प्रतिकूल मौसम में ऊंचाई वाले क्षेत्रों की यात्रा से बचें और केवल उपयुक्त 4×4 वाहनों का उपयोग करें, जिनमें स्नो चेन जरूर हो।
आपातकालीन स्थिति में जिला आपातकालीन संचालन केंद्र, लाहौल एवं स्पीति को 94594-61355, 01900-202509, 01900-202510, 01900-202517 या टोल-फ्री नंबर 1077 पर संपर्क किया जा सकता है।
