मुख्य बातें
- सोमवार को रोहतांग दर्रे के लिए 973 परमिट बुक हुए और 900 से अधिक वाहनों ने प्रवेश किया।
- पर्यटकों ने रोहतांग, कोकसर, सिस्सू और सोलंगनाला में साहसिक खेलों का आनंद लिया।
- माता हिडिंबा मंदिर में नवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
लाहौल-स्पीति जिले के रोहतांग दर्रे के लिए सोमवार को 973 परमिट बुक हुए। इस दौरान एक दिन में 900 से अधिक वाहनों ने दर्रे में प्रवेश किया।
परमिट के विवरण के अनुसार, डीजल इंजन के 400 में से 399 और पेट्रोल इंजन के 800 में से 574 परमिट बुक हुए। दर्रे में बर्फ की परत एक फीट से अधिक है।

पर्यटकों ने मढ़ी सहित रोहतांग, कोकसर, सिस्सू, अटल टनल के दोनों छोर और सोलंगनाला में साहसिक खेलों का आनंद लिया। पर्यटक बर्फीली वादियों को कैमरे में कैद कर रहे हैं।
फोटोग्राफी का काम कर रहे कारोबारी जगदीश, ईश्वर, रवि व चुनी ने बताया कि सोमवार को दर्रे में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी।

मनाली के ऐतिहासिक माता हिडिंबा मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। नवरात्रि के अवसर पर स्थानीय निवासियों और देश-विदेश से आए पर्यटकों ने माता के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
होटेलियर एसोसिएशन मनाली के अध्यक्ष रोशन ठाकुर ने कहा कि कुल्लू मनाली में धीरे-धीरे दशहरा सीजन रफ्तार पकड़ने लगा है।
