मुख्य बातें
- कांगड़ा के बीड़-बिलिंग में 28 अक्तूबर तक सोलो पैराग्लाइडिंग उड़ानों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
- एसडीएम बैजनाथ संकल्प गौतम ने हालिया हादसों और खराब मौसम के कारण यह आदेश जारी किए हैं।
- अधिकृत पायलटों की निगरानी में टैंडम पैराग्लाइडिंग उड़ानें जारी रहेंगी।
कांगड़ा जिले के बीड़-बिलिंग में प्रशासन ने 28 अक्तूबर तक सोलो पैराग्लाइडिंग उड़ानों पर प्रतिबंध लगा दिया है। एसडीएम बैजनाथ संकल्प गौतम ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं।
प्रशासन ने यह कदम हालिया हादसों और मौसम की स्थिति को देखते हुए उठाया है। तेज हवाओं, बारिश, कम दृश्यता और मौसम में अचानक बदलाव के कारण उड़ानों में जोखिम बढ़ गया है।

सोलो पैराग्लाइडिंग पर रोक के बावजूद टैंडम पैराग्लाइडिंग उड़ानें जारी रहेंगी। ये उड़ानें अधिकृत पायलटों की निगरानी में संचालित होंगी।
आदेशों के अनुसार, टैंडम उड़ान से पहले मौसम का आकलन करना अनिवार्य होगा। तेज हवाओं, बारिश या कम दृश्यता जैसी प्रतिकूल परिस्थितियों में उड़ान की अनुमति नहीं दी जाएगी।

पैराग्लाइडिंग मार्शलों को सोलो उड़ानों पर प्रतिबंध का पालन सुनिश्चित करने और टैंडम उड़ानों की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। ऑपरेटरों और पायलटों को निर्धारित सुरक्षा मानकों तथा मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करना होगा।
पर्यटकों को मौसम की स्थिति की जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा सुनिश्चित नहीं होने पर उड़ान की अनुमति नहीं दी जाएगी।
