मुख्य बातें
- लाहौल-स्पीति के सिस्सू और रोहतांग दर्रे समेत ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी शुरू हुई है।
- बर्फबारी के कारण लेह मनाली हाईवे, मनाली काजा रोड और दारचा से शिंकुला रास्ता बंद कर दिया गया है।
- मौसम विभाग ने सिरमौर, कांगड़ा और कुल्लू में भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
हिमाचल प्रदेश के ऊंचे पहाड़ों पर बर्फबारी शुरू हो गई है। लाहौल-स्पीति के सिस्सू और रोहतांग दर्रे में बर्फ गिरी है। इसके अलावा लाहौल घाटी के केलांग और दारचा समेत अन्य इलाकों में भी बर्फबारी हो रही है।
बर्फबारी के कारण लेह मनाली हाईवे बंद कर दिया गया है। लाहौल स्पीति जिला आपदा प्रबंधन ने इसे बंद करने की पुष्टि की है। साथ ही दारचा से शिंकुला और मनाली काजा रोड भी स्नोफॉल की वजह से बंद हैं।
लाहौल स्पीति पुलिस ने शिंकुला टॉप, बारालाचा ला टॉप और कुंजुम टॉप सहित अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में वाहनों की आवाजाही बंद कर दी है।
चंबा, कांगड़ा और कुल्लू के कई हिस्सों में सुबह से बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने सिरमौर, कांगड़ा और कुल्लू जिले में कई स्थानों पर तेज बारिश के साथ आंधी व तूफान का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं चंबा, सोलन और लाहौल स्पीति जिले में यलो अलर्ट की चेतावनी दी गई है।
तापमान की बात करें तो लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान 0.3 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। चंबा में तापमान सामान्य से 4.6 डिग्री गिरकर 26.7 डिग्री रहा। वहीं शिमला में तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री ज्यादा और केलांग में अधिकतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री अधिक रहा।
राज्य के औसत न्यूनतम तापमान में 0.3 डिग्री की हल्की बढ़ोतरी हुई है, जो सामान्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस अधिक है। बिलासपुर, चंबा, हमीरपुर, कांगड़ा, किन्नौर, कुल्लू, लाहौल-स्पीति, मंडी, सिरमौर, सोलन और ऊना जिलों में वास्तविक वर्षा शून्य रही, जिससे सामान्य से 100 फीसदी की कमी दर्ज की गई। शिमला में वास्तविक वर्षा 0.1 मिलीमीटर रही, जो सामान्य से 93 फीसदी कम है।
पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी 17 अक्तूबर तक छिटपुट रूप से जारी रह सकती है। 16 और 17 अक्टूबर को भी कुछ क्षेत्रों में वर्षा और ऊंची चोटियों पर हिमपात की संभावना है।
18 अक्टूबर से मौसम साफ होने के आसार हैं और 20 अक्टूबर तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में धूप खिल सकती है। मौसम साफ होने पर दिन के तापमान में फिर बढ़ोतरी होने की संभावना है।
