मुख्य बातें
- रामपुर से कांग्रेस विधायक और सातवें राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष नंद लाल का मंगलवार सुबह शिमला में निधन हो गया।
- वह रामपुर विधानसभा क्षेत्र से लगातार चार बार विधायक चुने गए थे और किडनी व कैंसर की बीमारी से जूझ रहे थे।
- उनकी पार्थिव देह को कांग्रेस ऑफिस ले जाने के बाद रामपुर भेजा जाएगा, जहां बुधवार को देवठी गांव में अंतिम संस्कार होगा।
शिमला जिले के चमियाना स्थित अटल सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में मंगलवार सुबह रामपुर से कांग्रेस विधायक और सातवें राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष नंद लाल का निधन हो गया। वह 72 वर्ष के थे।
उनके निधन का समय सुबह 5:00 बजे या 5:30 बजे के आसपास बताया जा रहा है। वह किडनी और कैंसर की बीमारी से जूझ रहे थे।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोमवार, 2 नवंबर को अस्पताल पहुंचकर उनसे मुलाकात की थी।

नंद लाल रामपुर विधानसभा क्षेत्र से लगातार चार बार (2007, 2012, 2017 और 2022) कांग्रेस के टिकट पर विधायक चुने गए थे। उन्होंने वर्ष 2013 से 2017 तक मुख्य संसदीय सचिव के रूप में भी जिम्मेदारी निभाई।
मार्च 2024 में उन्हें हिमाचल प्रदेश के सातवें राज्य वित्त आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।

नंद लाल का जन्म 16 अप्रैल 1954 को रामपुर बुशहर के देवठी में हुआ था। उन्होंने वर्ष 1976 में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला से राजनीति विज्ञान में एमए किया था।
राजनीति में आने से पहले उन्होंने 1985 से 1997 तक स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (SPG) में सेवाएं दीं।
उनकी पार्थिव देह को अंतिम दर्शन के लिए कांग्रेस ऑफिस लाया जाएगा, जिसके बाद उसे रामपुर ले जाया जाएगा। बुधवार को उनके पैतृक गांव देवठी में अंतिम संस्कार होगा।
