मुख्य बातें
- हिमाचल प्रदेश में दिवाली के दिन 112 नंबर पर रिकॉर्ड 586 आपातकालीन कॉल आईं।
- पुलिस का औसत रिस्पांस टाइम 3 मिनट 37 सेकंड रहा, जबकि सबसे अधिक कॉल कांगड़ा जिले से आईं।
- कुल दर्ज मामलों में 187 कॉल आग लगने की घटनाओं से संबंधित थीं।
हिमाचल प्रदेश में दिवाली के दिन आपातकालीन सहायता के लिए पुलिस के 112 नंबर पर रिकॉर्ड 586 कॉल आईं। हिमाचल में 112 सेवा शुरू होने के बाद एक दिन में दर्ज की गई यह अब तक की सबसे अधिक इमरजेंसी घटनाएं हैं।
पुलिस के स्टेट इमरजेंसी रिस्पांस सपोर्ट सिस्टम (ERSS-112) ने इन घटनाओं पर औसतन 3 मिनट 37 सेकंड में रिस्पांस दिया। प्राप्त कॉल में से 187 मामले आग लगने की घटनाओं से जुड़े थे।
पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी ने कहा कि जब प्रदेश के लोग दिवाली मना रहे थे, उस समय पुलिस और इमरजेंसी सेवा के कर्मचारी ड्यूटी पर रहकर लोगों की मदद कर रहे थे। एक दिन में 586 आपात स्थितियों को संभालना और औसतन 3 मिनट 37 सेकंड में रिस्पांस देना टीम की तत्परता और आपसी तालमेल को दर्शाता है।
जिलेवार आंकड़ों के अनुसार, कांगड़ा जिले में सबसे अधिक 88 शिकायतें प्राप्त हुईं। शिमला में 87 और सोलन में 86 आपातकालीन घटनाएं दर्ज की गईं।

मंडी जिले में 72, कुल्लू में 57 और सिरमौर में 45 आपातकालीन घटनाएं दर्ज हुईं। ऊना जिले में 44 और बिलासपुर में 35 मामले सामने आए।
हमीरपुर और चंबा जिलों में 29-29 आपातकालीन घटनाएं दर्ज की गईं। किन्नौर जिले में 13 और लाहौल-स्पीति में एक आपातकालीन घटना दर्ज की गई।
ERSS-112 सेवा साल के 365 दिन और 24 घंटे उपलब्ध रहती है। इसमें कॉल लेने वाले, डिस्पैचर, सुपरवाइजर और फील्ड लेवल की इमरजेंसी रिस्पांस यूनिट शामिल हैं।
