मुख्य बातें
- हिमाचल प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र 16 से 21 नवंबर 2026 तक धर्मशाला के तपोवन में होगा।
- सत्र छह दिन तक चलेगा जिसमें कुल छह बैठकें होंगी और यह वर्ष का अंतिम सत्र होगा।
- अधिसूचना जारी होने के बाद विधायक अपने क्षेत्रों से संबंधित प्रश्न और नोटिस भेज सकेंगे।
कांगड़ा जिले के धर्मशाला स्थित तपोवन में हिमाचल प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र आयोजित किया जाएगा। यह सत्र 16 नवंबर से 21 नवंबर 2026 तक चलेगा।
सत्र की अवधि छह दिन होगी और इस दौरान कुल छह बैठकें होंगी। यह वर्ष का अंतिम सत्र होगा।
सत्र की रूपरेखा तय होने के बाद प्रशासनिक महकमों में तैयारियां तेज हो गई हैं। दिवाली के तुरंत बाद विधानसभा और संबंधित विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों के अवकाश पर रोक लगा दी जाएगी।

सत्र की अधिसूचना जारी होने के बाद विधायक अपने क्षेत्रों की समस्याओं, विकास कार्यों और नीतिगत फैसलों पर प्रश्न और नोटिस भेज सकेंगे।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार इस सत्र में कई महत्वपूर्ण संशोधन विधेयकों को सदन के पटल पर रखकर पारित कराने की रणनीति बना रही है।

विधानसभा स्पीकर वर्तमान में दिल्ली दौरे पर हैं। वापस आने के बाद वह धर्मशाला जाकर शीतकालीन सत्र की तैयारी की समीक्षा करेंगे।
सत्र को नवंबर में आयोजित करने का एक कारण दिसंबर के पर्यटन मौसम में वीआईपी आवाजाही से कारोबार प्रभावित न होने देना है।
इसके अलावा, नवंबर के आखिरी सप्ताह या दिसंबर में केंद्रीय गृह मंत्री की अध्यक्षता में उत्तरी क्षेत्र परिषद की बैठक भी होनी है, इसलिए राज्य सरकार सत्र से पहले फ्री होना चाहती है।
