सड़क और परिवहन कुल्लू

कीरतपुर-मनाली एनएच445: दयोड़ और हणोगी सुरंगें तीन महीने में खुलेंगी

इन सुरंगों के खुलने से यात्रियों को सफर में आसानी होगी और यातायात व्यवस्था में सुधार होगा।

मुख्य बातें

  • कीरतपुर-मनाली एनएच445 पर दयोड़ और हणोगी सुरंगें अगले तीन महीनों में खुलेंगी।
  • क्षतिग्रस्त झलोगी सुरंग के अलाइनमेंट में बदलाव कर 150 मीटर दूर नया पोर्टल बनाया जाएगा।
  • मंडी से कुल्लू जाने वाले वाहन बायें तट और कुल्लू से मंडी आने वाले वाहन दायें तट की सुरंग का उपयोग करेंगे।

मंडी जिला के दयोड़ और हणोगी में बनी दो नई सुरंगें अगले तीन महीनों के भीतर यातायात के लिए खोल दी जाएंगी। कीरतपुर-मनाली एनएच445 पर स्थित दयोड़ सुरंग की लंबाई करीब दो किलोमीटर है, जबकि हणोगी सुरंग लगभग 400 मीटर लंबी है।
योजना के अनुसार मंडी से कुल्लू की ओर जाने वाले वाहन बायें तट की सुरंगों से गुजरेंगे। वहीं, कुल्लू से मंडी की तरफ आने वाले वाहन दायें तट की सुरंग का उपयोग करेंगे।
2025 की प्राकृतिक आपदा में क्षतिग्रस्त हुई झलोगी सुरंग के अलाइनमेंट में बदलाव किया जाएगा। इसके लिए वर्तमान स्थान से लगभग 150 मीटर दूर थलौट की ओर नया पोर्टल बनाया जाएगा।
आपदा के कारण सुरंग के भीतर हुई क्षति का सटीक आकलन करने के लिए विशेषज्ञों का एक विशेष दल जल्द ही झलोगी सुरंग का अंदर से निरीक्षण करेगा।
सोमवार को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) के वरिष्ठ अधिकारियों ने निर्माण कंपनी और विशेषज्ञों के साथ उच्च स्तरीय बैठक कर इन तैयारियों को अंतिम रूप दिया।