मुख्य बातें
- चंबा के पांगी स्थित बगोटू क्षेत्र में दुर्लभ हिमालयन स्नो कॉक पक्षी देखा गया है।
- वन रक्षक तेज सिंह ने निगरानी के दौरान इस पक्षी की तस्वीर ली।
- वन विभाग ने प्रजाति के संरक्षण के लिए नियमित गश्त के निर्देश दिए हैं।
चंबा जिले के पांगी के बगोटू क्षेत्र में दुर्लभ हिमालयन स्नो कॉक पक्षी देखा गया है। वन रक्षक तेज सिंह ने अपनी वन बीट की निगरानी के दौरान इस पक्षी की तस्वीर खींची।
वन मंडल पांगी के मंडल अधिकारी रवि गुलेरिया ने बताया कि वन विभाग ने इस प्रजाति के संरक्षण के लिए वन रक्षकों को नियमित गश्त के निर्देश दिए हैं।
यह पक्षी तीतर कुल का है और हिमाचल प्रदेश सहित पश्चिमी हिमालय के विभिन्न क्षेत्रों में पाया जाता है। इसका वैज्ञानिक नाम टेट्राओगैलस हिमालयेन्सी है।

यह जंगली पक्षी हिमालय के ऊंचे, ठंडे और पथरीले पहाड़ी क्षेत्रों में रहता है। यह घास, कोमल पत्तियां, पौधों की नई कोंपलें, बीज, जंगली बेरियां और कुछ पौधों की जड़ें व कंद खाता है।
वन बीट प्रेग्रां के तहत आने वाला बगोटू क्षेत्र ज्यादातर समय बर्फ से ढका रहता है और यहां पथरीले पहाड़ हैं। यह स्थान इस पक्षी के रहने के लिए सुरक्षित हो सकता है।

इससे पहले चंबा में इस पक्षी की मौजूदगी के सबूत बहुत कम थे। हिमाचल के ऊंचाई वाले हिमालयी क्षेत्रों में इस पक्षी का पाया जाना वहां की जैव विविधता के लिए महत्वपूर्ण है।
वन विभाग का कहना है कि कुछ शिकारी ऐसे जंगली पक्षियों का अवैध शिकार भी कर देते हैं। इस पक्षी के संभावित आवास की जानकारी वन्य प्राणी विभाग के लिए उपयोगी हो सकती है।
पांगी के जंगलों में दुर्लभ वन्य जीवों की मौजूदगी के प्रमाण पहले भी मिल चुके हैं।
