संस्कृति और धर्म कुल्लू

कनाडा के ओटावा में मना कुल्लू दशहरा, पार्लियामेंट हिल पर जुटे प्रवासी

हिमाचली प्रवासी ग्लोबल एसोसिएशन (एचपीजीए) द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने वर्चुअल माध्यम से शिरकत की।

मुख्य बातें

  • कनाडा के ओटावा स्थित पार्लियामेंट हिल में हिमाचली प्रवासी ग्लोबल एसोसिएशन (एचपीजीए) द्वारा कुल्लू दशहरा मनाया गया।
  • मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने वर्चुअल माध्यम से संबोधन किया और प्रवासियों द्वारा राष्ट्रीय संस्कृति के प्रदर्शन की सराहना की।
  • कार्यक्रम में 35 से अधिक भारत-कनाडाई संगठनों का सहयोग रहा और ऑरलियन्स की सांसद मैरी-फ्रांस लालोंद ने मेजबानी की।

कनाडा की राजधानी ओटावा स्थित पार्लियामेंट हिल में कुल्लू दशहरा का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन हिमाचली प्रवासी ग्लोबल एसोसिएशन (एचपीजीए) द्वारा 35 से अधिक भारत-कनाडाई संगठनों के सहयोग से किया गया।

इस आयोजन की मेजबानी ऑरलियन्स की सांसद मैरी-फ्रांस लालोंद ने की। कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक नाटी और झमाकड़ा लोकनृत्य पेश किए गए और रामलीला का जीवंत मंचन हुआ।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने वीडियो संदेश के माध्यम से इस आयोजन को संबोधित किया। उन्होंने दशहरा को बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक बताया और विदेश में हिमाचली संस्कृति व परंपराओं को बढ़ावा देने वाले प्रवासियों की सराहना की।

आयोजन में पहुंचे अतिथियों को हिमाचल के पारंपरिक व्यंजन और विशेष रूप से हिमाचली धाम परोसा गया। कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने भी इस अवसर पर अपनी हार्दिक शुभकामनाएं भेजीं।

एचपीजीए के सदस्यों ने हिमाचली संस्कृति, पर्यटन और मूल्यों को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने की प्रतिबद्धता जताई। इस आयोजन ने हिमाचल प्रदेश की वैश्विक उपस्थिति और पहचान को दर्शाया।