मुख्य बातें
- नालागढ़ के गोल जमाला में रविवार दोपहर यूसुफ एंटरप्राइजेज के गेट पर दो नकाबपोशों ने 5 राउंड फायरिंग की।
- कारोबारी को पहले एक करोड़ रुपये की फिरौती की धमकी मिली थी, पुलिस इस संबंध की जांच कर रही है।
- नालागढ़ क्षेत्र में दो दिनों में फायरिंग की यह दूसरी घटना है, शनिवार को बूटा पलासी में भी गोलीबारी हुई थी।
सोलन जिले के नालागढ़ स्थित गोल जमाला गांव में रविवार दोपहर करीब दो बजे फायरिंग की घटना हुई। बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने स्क्रैप कारोबारी यूसुफ एंटरप्राइजेज के मुख्य गेट पर पांच राउंड फायर किए।
हमलावर बिना नंबर प्लेट वाली पल्सर बाइक पर सवार थे और वारदात के बाद मौके से फरार हो गए। कंपनी के अकाउंटेंट दीप सिंह ने इस घटना की शिकायत दर्ज करवाई है।
नालागढ़ पुलिस स्टेशन में आर्म्स एक्ट और अन्य कानूनी प्रावधानों के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और गवाहों से पूछताछ कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, स्क्रैप कारोबारी को पिछले महीने एक करोड़ रुपये की फिरौती मांगते हुए धमकी भरी कॉल आई थी। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि फायरिंग की घटना का उस धमकी भरी कॉल से कोई संबंध है या नहीं।
आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें तैनात की गई हैं। एसपी बद्दी विनोद धीमान ने कहा कि पुलिस घटना को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इस वारदात में किसी गैंग का हाथ है।
नालागढ़ क्षेत्र में दो दिनों के भीतर फायरिंग की यह दूसरी घटना है। शनिवार तड़के बूटा पलासी में भी चार राउंड फायर किए गए थे।
बूटा प्लासी में हुई फायरिंग के बाद भी एक करोड़ रुपये की फिरौती की धमकी भरी कॉल आई थी। पुलिस अब दोनों घटनाओं में किसी गैंग की भूमिका की संभावना की जांच कर रही है।
