मुख्य बातें
- हिमाचल प्रदेश में शुष्क मौसम के कारण रबी फसलों और सेब के बागों पर बुरा असर पड़ रहा है।
- मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 12 और 13 नवंबर को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में बारिश की संभावना जताई है।
- 12 और 13 नवंबर को ऊंचे इलाकों में हिमपात होने की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश में लंबे समय से जारी शुष्क मौसम के कारण किसान और बागवान रबी फसलों और सेब की खेती को लेकर चिंतित हैं। प्रदेश में लगभग 80 प्रतिशत कृषि क्षेत्र वर्षा आधारित है।
लंबे समय से जारी शुष्क मौसम से गेहूं, जौ, सरसों, चना, मटर और लहसुन जैसी मुख्य रबी फसलों की बुआई और शुरुआती विकास पर बुरा असर पड़ रहा है। जिन किसानों ने हल्की नमी में बिजाई की थी, वहां शुष्क मौसम और तेज धूप के कारण बीज अंकुरित नहीं हो पा रहे हैं।

जिन क्षेत्रों में अंकुरण हो चुका है, वहां नमी की कमी से पौधे पीले पड़ने और सूखने की कगार पर हैं। लगातार शुष्क ठंड और नमी न होने से मिट्टी में दीमक और पौधों पर माहू जैसे रसचूसक कीटों का प्रकोप भी बढ़ जाता है।

मिट्टी में शुष्कपन के कारण सेब और अन्य गुठलीदार फलों जैसे आड़ू, प्लम और खुबानी के पेड़ों की जड़ें पोषक तत्व ग्रहण नहीं कर पा रही हैं। पर्याप्त हिमपात व वर्षा न होने से सेब के पेड़ों के लिए आवश्यक चिलिंग आवर्स की प्रक्रिया भी प्रभावित हो सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 12 और 13 नवंबर को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में आंधी के साथ वर्षा की संभावना जताई है। इसके अलावा 12 और 13 नवंबर को ऊंचे इलाकों में हिमपात होने की भी संभावना है।
